भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विस्तार से अवगत कराया। विधायक कैड़ा ने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में किसानों, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और संचार से जुड़ी चुनौतियों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों को इलाज के लिए हल्द्वानी या नैनीताल का रुख करना पड़ता है। उन्होंने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल के अस्पतालों के उच्चीकरण की मांग रखते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने खनश्यू में तहसील भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने, दूरस्थ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था सुधारने तथा कई हाईस्कूलों को इंटर कॉलेजों में उच्चीकृत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कैड़ा ने आलू उत्पादक किसानों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
कैड़ा ने कहा कि इन बुनियादी समस्याओं का समाधान होने से क्षेत्र के आमजन को राहत मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

+ There are no comments
Add yours