हरेला मेला-2025 का आय–व्यय सार्वजनिक

Estimated read time 1 min read





सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद खुला बहीखाता

भीमताल । नगर पालिका भीमताल द्वारा आयोजित हरेला महोत्सव-2025 का आय-व्यय आखिरकार सार्वजनिक कर दिया गया है। मेले के समाप्त होने के कई महीने बीत जाने के बावजूद बहीखाता सार्वजनिक न होने पर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चन्द्र बृजवासी ने नगर पालिका को लिखित शिकायत सौंपकर पारदर्शिता की मांग की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार ने मेले का विस्तृत आय-व्यय विवरण उपलब्ध कराया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार हरेला मेले से इस वर्ष कुल 25.81 लाख रुपये की आय हुई, जबकि 20.48 लाख रुपये व्यय किए गए। इस तरह नगर पालिका के पास 5.32 लाख रुपये से अधिक की राशि शेष बची है। प्राप्त आय में दुकानों, छोटे फूड स्टॉलों, रेस्टोरेंटों तथा झूले-मनोरंजन से होने वाली आमदनी शामिल है। वहीं व्यय में मंच, पंडाल, लाइट-साउंड, कलाकारों के पारिश्रमिक, जलपान, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, मोबाइल शौचालय, अतिथि सत्कार और पब्लिसिटी जैसे मद सम्मिलित हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चन्द्र बृजवासी ने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले प्रत्येक आयोजन का हिसाब जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने नगर पालिका द्वारा बहीखाता सार्वजनिक किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे पारदर्शिता की जीत बताया। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि भविष्य में सभी सार्वजनिक आयोजनों का आय-व्यय समय पर स्वतः सार्वजनिक किया जाए, ताकि किसी को शिकायत की नौबत न आए।
अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि नगर पालिका के सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि हर आयोजन में वित्तीय विवरण को समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours