एमबी इंटर कालेज मैदान में सहकारिता मेले का सफल समापन, करोड़ों का हुआ व्यवसाय






भीमताल । अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कालेज मैदान में 25 नवंबर से आयोजित सहकारिता मेले का सोमवार को विधिवत समापन हो गया। मेले का शुभारंभ हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया था। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रदेशभर में सहकारिता मेले आयोजित कराने के लिए मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी तथा सहकारिता, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हल्द्वानी में सहकारिता मेला आयोजित किये जाने के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया। विभागीय अधिकारियों ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अब तक की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराया।
मेले के दौरान चित्रकला, गायन, नृत्य, नाटक एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मेले के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज प्रथम स्थान पर रहा। एकल नृत्य प्रतियोगिता में एमबीपीजी कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग की एकल नृत्य प्रतियोगिता में तनिष्का चौधरी प्रथम रहीं। जूनियर वर्ग की एकल नृत्य प्रतियोगिता में गवर्नमेंट स्कूल भीमताल तथा नंदनी नेगी को प्रथम स्थान मिला। एकल गायन प्रतियोगिता में बिड़ला स्कूल के भावेश पांडे, रिद्धिमा अग्रवाल एवं स्वरा डांस एकेडमी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। संध्या समय आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगायक राकेश खनवाल ने लोकगीत प्रस्तुत कर वातावरण को संगीतमय बना दिया।

मेले के प्रथम दिवस पर नैनीताल–ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट विशिष्ट अतिथि, सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत अतिविशिष्ट अतिथि तथा दीपा धरमवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने मैदान में स्थापित विभिन्न विभागीय एवं स्वंय सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग एवं एनआरएलएम के लाभार्थियों को पशुपालन, सब्जी, दुग्ध उत्पादन आदि के लिए 12 समूहों को 32.10 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

द्वितीय दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पशुपालन एवं सब्जी उत्पादन में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों को मध्यकालीन दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत प्रोत्साहन प्रदान किया। इस योजना के अंतर्गत 653 व्यक्तिगत एवं सामूहिक लाभार्थियों को पशुपालन एवं सब्जी उत्पादन के लिए 1697.00 लाख रुपये तथा एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूहों को 75.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। मेले के दौरान कुल 132 लाभार्थियों को 251.00 लाख रुपये की धनराशि के चेक प्रदान किए गए।

सहकारिता मेले में स्थापित कुल 130 स्टॉलों के माध्यम से लगभग 275.52 लाख रुपये का व्यवसाय हुआ, जो सहकारिता आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। मेले के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल, विभागीय अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय जनता द्वारा संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की गई।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours