भीमताल । अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आयोजित सहकारिता मेले में शुक्रवार को मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि जिला संयोजक सहकारिता रविन्द्र सिंह रैंकुनी के साथ ही गणमान्य अतिथि दीवान सम्भल, कपिल रावत, प्रकाश बेलवाल, पंकज सुयाल एवं किरन नेगी, पूर्व संचालक डीसीबी नैनीताल, कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
मेले के दौरान मत्स्य विभाग की ओर से मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ने मत्स्यपालक कुलदीप सिंह को 3.75 लाख रुपये, हल्द्वानी के ललित कुमार को तालाब निर्माण हेतु 1 लाख रुपये तथा जमुना दत्त को 50 हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक प्रदान किए।
सहकारिता मेले में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा नैनीताल पर्यटन विषय पर निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल, जीएम रैना एवं अन्य अधिकारियों ने मेले में उपस्थित समस्त अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

+ There are no comments
Add yours