पत्रकारिता की विश्वसनीयता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : हल्द्वानी मीडिया सेंटर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विचार गोष्ठी

Estimated read time 0 min read





भीमताल । राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर रविवार को सूचना विभाग की ओर से हल्द्वानी मीडिया सेंटर में “बढ़ती गलत सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के संचालन एवं वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में वक्ताओं ने फेक न्यूज़, डिजिटल माध्यमों के दबाव, बदलते मीडिया स्वरूप और पत्रकारिता की साख पर विस्तार से विचार रखे।
डीआईओ जोशी ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इतिहास, इसके उद्देश्य तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रेस की विश्वसनीयता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तेज़ी से बदलती तकनीक ने जहां सूचना के प्रसार को आसान बनाया है, वहीं अपुष्ट व भ्रामक सूचनाओं की चुनौती भी कई गुना बढ़ गई है। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला ने पत्रकारिता में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, टीआरपी व क्लिक–बेट संस्कृति, सोशल मीडिया के प्रभाव और गलत सूचनाओं के दुष्परिणामों पर विस्तृत रूप से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाचार से पहले ‘सत्यापन’ और ‘निष्पक्षता’ पत्रकारिता की पहली शर्त है, और यही प्रेस की असली पहचान भी है। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया की विश्वसनीयता, डिजिटल युग की चुनौतियों, फेक न्यूज़ पर प्रभावी नियंत्रण, तथा स्थानीय मुद्दों पर मीडिया की जिम्मेदारियों पर अपने–अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। वक्ताओं का मत था कि वर्तमान समय पत्रकारिता के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण दौर है, जहाँ एक ओर नई तकनीक अवसर बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर तथ्य–जांच और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पहले से अधिक हो गई है।
सभी प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति जताई कि प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, संयम और नैतिक पत्रकारिता ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती की आधारशिला है। गोष्ठी के अंत में पत्रकारों ने संकल्प लिया कि वे समाज व जनहित से जुड़े मुद्दों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ तथ्यों पर आधारित रूप में जनता के सामने लाने के अपने कर्तव्य को और अधिक मजबूती से निभाएंगे। विचार गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पत्रकार गिरीश गोस्वामी, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष योगेश शर्मा, ईश्वरी दत्त भट्ट, हर्ष रावत, भूपेन्द्र रावत, अजहर सिद्दीकी, सरताज आलम, राजेश श्रीवास्तव, संजय कुमार, मोहम्मद खालिद खान, संजय पाठक, सचिन जोशी, शंकर दत्त फुलारा, ऋषि कपूर, रक्षित टण्डन, चन्दन बिष्ट, योगेश पांडे सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours