विधायक कैड़ा ने आपदा मद से धनराशि स्वीकृति व किसानों की समस्याओं के समाधान की रखी मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विकास भवन में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के साथ बैठक कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हुई भारी बरसात के कारण ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉकों में किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही अनेक सड़कों, पुलों व स्कूलों को भी आपदा से गंभीर क्षति पहुंची है।
विधायक कैड़ा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, मार्गों, स्कूलों व अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत की जाए। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों द्वारा क्षति का आकलन कर प्रस्ताव तैयार कर जिले को भेजे जा चुके हैं, जिन पर शीघ्र स्वीकृति आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण आलू व अदरक की फसल बर्बाद होने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। इस पर विधायक कैड़ा ने एसबीआई बीमा कंपनी के माध्यम से किसानों को फसल बीमा की धनराशि शीघ्र दिलाए जाने की मांग रखी।
विधायक कैड़ा ने अमृतपुर, डहरा, अमिया, भोर्षा, बानना, पसोली, रौशील, गुमाल गाँव, पनिया मेहता, पनियाबौर, स्युड़ा, बडेत, हैड़ाखान, उढूवा, पस्तोला आदि खनन क्षेत्र में खनन न्यास निधि से विकास कार्यों हेतु धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में विधायक कैड़ा ने पीडब्ल्यूडी व पीएमजीएसवाई विभागों के अधिकारियों से नए मोटर मार्गों के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की जल्द मरम्मत कराने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि मार्गों की खराब स्थिति के कारण आमजन, छात्र-छात्राओं व मरीजों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक कैड़ा ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन स्तर से शीघ्र कार्यवाही कर आपदा प्रभावित किसानों व आमजन को राहत पहुंचाई जाएगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours