उद्यमियों को मिला नया मंच: शीशमहल में मल्टी स्टेक बायर-सेलर मीट का आयोजन

Estimated read time 1 min read






रजत जयंती वर्ष पर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की पहल

भीमताल । उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को शीशमहल, हल्द्वानी में जिला उद्योग केन्द्र, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (रीप) एवं एनआरएलएम के संयुक्त तत्वावधान में मल्टी स्टेक बायर-सेलर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि श्रीमती रेनू अधिकारी (दर्जा राज्य मंत्री), विशिष्ट अतिथि नगर निगम हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट तथा मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद में उत्पादित फार्म, नॉन-फार्म एवं कृषि उत्पादों को बिक्री के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि क्रेता और विक्रेता के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो सके। कार्यक्रम में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत 20, रीप परियोजना के तहत 10, जिला उद्योग केन्द्र के तहत 10 तथा एनआरएलएम के माध्यम से 10 स्टॉल शामिल रहे। प्रत्येक स्टॉल का उद्देश्य अपने उत्पाद की कहानी साझा कर उसे बाजार तक पहुँचाना रहा।

मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने उद्यमियों से संवाद किया और उनके उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर लगभग 60 क्रेता एवं 80 विक्रेता शामिल हुए, जिन्होंने भविष्य में आपसी समन्वय के माध्यम से अपने उत्पादों के विपणन व आय में वृद्धि की संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में क्रेता-विक्रेता के मध्य उत्पादों से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल, प्रबंधक दीपक जोशी, रीप परियोजना से अरुण अधिकारी, हरीश तिवारी सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours