महामहिम राष्ट्रपति के दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Estimated read time 1 min read





एडीजी कानून व्यवस्था ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, ड्रोन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर

भीमताल । महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में संपूर्ण जनपद में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इसी क्रम में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने आज पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए तथा जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी अधिकारी व कर्मचारी सतर्कता, सजगता और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी करें। ब्रीफिंग में आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, आईजी अभिसूचना श्री करन सिंह नगनयाल व एसएसपी नैनीताल सहित वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दें और ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल ने भी प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया और पुलिस-प्रशासन टीमों को बेहतर समन्वय से कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश दिए। जनपद में तीन कंपनी पीएसी, फायर, एटीएस, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते सहित कुल 1271 पुलिस बल तैनात किए गए हैं। साथ ही सभी बॉर्डरों पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours