शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करे शिक्षा विभाग — डॉ. हरीश सिंह बिष्ट






ब्लॉक प्रमुख ने किया विद्यालय का निरीक्षण, हिंदी पढ़ने में अटके छात्र

भीमताल। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने ग्राम सभा ल्वेशाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोब (मॉडल स्कूल) का शिक्षा विभाग के अधिकारियों संग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निम्न स्तर की शिक्षा व्यवस्था देखकर ब्लॉक प्रमुख ने नाराजगी जताई और 15 दिन के भीतर शिक्षा की गुणवत्ता व स्वच्छता सुधारने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जब विद्यालय के छात्रों से हिंदी विषय के स्लोगन पढ़ने को कहा गया, तो अधिकतर बच्चे हिंदी पढ़ने में अटक गए। यह स्थिति देखकर प्रमुख ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा मॉडल विद्यालय का दर्जा दिए गए स्कूल में इस तरह की स्थिति अस्वीकार्य है। विद्यालय में 48 छात्र हैं, जिनके लिए चार शिक्षक नियुक्त हैं। डॉ. बिष्ट ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि 15 दिनों में शिक्षा स्तर सुधार की रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व स्वच्छता की ऐसी स्थिति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि ब्लॉक के दो विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर न्याय पंचायतों के विद्यालयों का निरीक्षण करते रहेंगे। इस अवसर पर प्रधान मोहित कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश पलड़िया, पुष्पा देवी, बीडीसी पंकज सूर्या, कु. शालिनी, रोटरी क्लब से लाम्बा जी, शैलेंद्र शाह, जोगेंद्र शर्मा, दीपू, कुंदन जीना, कमल, बीडीओ हर्षित गर्ग, खंड शिक्षा अधिकारी केना चौहान, मोहन राम आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours