रजत जयंती समारोह को भव्यता से मनाने की तैयारी तेज, सीडीओ अनामिका ने की समीक्षा बैठक

Estimated read time 1 min read





जिलेभर में होंगे सांस्कृतिक, पर्यटन और खेलकूद कार्यक्रम — रामनगर व हल्द्वानी में राज्य स्तरीय महिला व सैनिक सम्मेलन

भीमताल । उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) को यादगार बनाने के लिए जनपद नैनीताल में विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आगामी 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हल्द्वानी में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजत जयंती से जुड़े सभी कार्यक्रमों को भव्यता, गरिमा और जनसहभागिता के साथ संपन्न कराया जाए। सीडीओ ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस पदयात्रा एम.बी.पी.जी कॉलेज हल्द्वानी से प्रारंभ होकर तिकोनिया–ठंडी सड़क–हाइडिल गेट तक जाएगी और पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न होगी। इस दौरान युवा भारत नैनीताल विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल और निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
सूचना विभाग तीन स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और नुक्कड़ नाटक आयोजित करेगा, ताकि लोगों में राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जा सके। सीडीओ ने कहा कि रजत जयंती समारोह को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें और जनता से अधिकतम सहभागिता के लिए अपील करें, ताकि यह उत्सव राज्य की उपलब्धियों और एकता का प्रतीक बन सके।

निर्धारित कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी —
• 1–3 नवम्बर: पंगोट, नैनीताल में पक्षी दर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम — पर्यटन विभाग।
• 2 नवम्बर: बिलड़ा से कैंची धाम तक ट्रेकिंग — युवाओं को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से।
• 3 नवम्बर: भीमताल झील में वाटर साइक्लिंग प्रतियोगिता एवं शिप्रा नदी स्वच्छता अभियान — पर्यटन व जलागम विभाग।
• 4 नवम्बर: खेल एवं स्वच्छता सप्ताह — विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, जल स्रोतों व पेयजल टैंकों की सफाई (नोडल अधिकारी: जिला विकास अधिकारी)।
• 5–7 नवम्बर: खगोल विज्ञान एस्ट्रो इवेंट — पर्यटन विकास अधिकारी के माध्यम से।
• 6 नवम्बर: व्यापार एवं पोषण कार्यक्रम — कृषि विभाग द्वारा बायर-सेलर मीट, बाल विकास विभाग द्वारा पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता व स्कूलों में वाद-विवाद, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं।
• 7 नवम्बर: कृषक एवं भूतपूर्व सैनिक समारोह — एम.पी. इंटर कॉलेज हल्द्वानी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के माध्यम से।
• 8 नवम्बर: सांस्कृतिक संध्या एवं फूड कैंपेन — नैनीताल फ्लैट मैदान में स्वयं सहायता समूहों की स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी।
• 9 नवम्बर: राज्य स्थापना दिवस सांस्कृतिक संध्या — फ्लैट मैदान नैनीताल में भव्य आयोजन।
इसके अतिरिक्त, राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन, सैनिक सम्मेलन एवं वन विभाग से संबंधित कार्यक्रम भी रामनगर और हल्द्वानी में आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours