आईजी रिद्धिम अग्रवाल की पहल से पुलिस बल में बढ़ा उत्साह, संवाद और सकारात्मक सोच
कुमायूँ कमिश्नर दीपक रावत बोले – “संवाद” बन रहा है जागरूकता और जुड़ाव का सेतु
भीमताल । पुलिस लाइन नैनीताल में रविवार को दो दिवसीय “संवाद वेलनेस मेला–2025” का शुभारंभ कुमायूँ कमिश्नर दीपक रावत और पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सशक्त उत्तराखण्ड के विज़न और आईजी रिद्धिम अग्रवाल की संवेदनशील पुलिसिंग का जीवंत उदाहरण “मिशन संवाद” पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक सुख-शांति और करियर मार्गदर्शन की दिशा में एक अभिनव कदम साबित हो रहा है।
कुमायूँ कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि आईजी कुमायूँ की यह पहल पुलिस बल में सकारात्मकता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को नया आयाम दे रही है। वेलनेस मेला–2025 के माध्यम से पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, मानसिक परामर्श और सामाजिक कल्याण से जुड़ी सेवाएँ एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने इसे “समग्र कल्याण मॉडल” का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मेले में कुमायूँ परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस कर्मियों के बच्चों (कक्षा 9 से 12) और अभिभावकों के लिए दिल्ली से आए विशेषज्ञ काउंसलरों द्वारा करियर गाइडेंस कार्यशालाएँ आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
ज्ञात हो कि “मिशन संवाद” का शुभारंभ 5 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति में किया गया था। इसके तहत पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य हेतु एक मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया था, जिसमें अब तक लगभग 1000 पुलिस कर्मियों ने पंजीकरण कराया है। अल्मोड़ा, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर और खटीमा में आयोजित कार्यशालाओं से अब तक 400 से अधिक पुलिस कर्मी लाभान्वित हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों के बाद पुलिस कर्मियों में तनाव स्तर में कमी और कार्य के प्रति उत्साह में वृद्धि दर्ज की गई है।
कुमायूँ कमिश्नर ने सुझाव दिया कि इस तरह के संवाद और वेलनेस कार्यक्रम अन्य सरकारी विभागों में भी आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे शासन-प्रशासन में संवेदनशीलता और मानवीय जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, गाइडेंस फॉर कैरियर नई दिल्ली के काउंसलर राजेश मिश्रा, डॉ. डायना चेरियान (द स्कूल ऑफ काउंसलर दिल्ली), डायरेक्टर संवाद आरती शंखला और कोऑर्डिनेटर प्रोजेक्ट संवाद सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पुलिसकर्मी और परिजन उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours