भीमताल । जनपद नैनीताल के राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) प्रकाश चन्द्र देवतल्ला, क्षेत्र रामगढ़, तहसील नैनीताल को रिश्वत मांगने के आरोप में जिला मजिस्ट्रेट ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑडियो साक्ष्यों की प्राथमिक जांच में यह आरोप प्रथमदृष्टया सत्य पाया गया।
प्रकाश चन्द्र देवतल्ला के खिलाफ फेसबुक (सोशल मीडिया) पर रिश्वत मांगने की बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। जांच में पुष्टि हुई कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज उन्हीं की है। राजस्व उपनिरीक्षक पर आरोप है कि वे सरकारी कार्यों में जानबूझकर देरी कर रहे थे और भूमि का खसरा देने के बदले ₹25,000 से ₹50,000 तक की अवैध मांग कर रहे थे। इसके अतिरिक्त उन पर लापरवाही और जनहित कार्यों में उदासीनता के भी आरोप लगे हैं। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में प्रकाश देवतल्ला को तहसील खनस्यूं में संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी पारित कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी कार्मिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितोन्मुख आचरण अपनाने के निर्देश दिए हैं।
आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है, तो इसकी शिकायत तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण या टोल-फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराएं ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।

+ There are no comments
Add yours