भीमताल। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में चयनित आवास योजना के लाभार्थियों को अब तक किस्तों का भुगतान न होने से निर्माण कार्य ठप पड़े हैं। नौ वार्डों के प्रभावित परिवारों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका कार्यालय में गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने चयनित परिवारों की आर्थिक व मानसिक परेशानियों को सामने रखते हुए लंबित किस्तों के शीघ्र भुगतान की मांग की। साथ ही, अधिक से अधिक पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की अपील भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ तत्काल जांच-पड़ताल कराई और सप्ताहभर में रुकी हुई किस्तों का भुगतान कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

+ There are no comments
Add yours