भीमताल । धारी ब्लॉक के बबियाड़, दुदुली और अमदो जैसे दूरस्थ गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से कटे हुए हैं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने नैनीताल के सहायक परियोजना निदेशक से मुलाकात की और इन तीनों गांवों को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। मनोज शर्मा ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि इन गांवों की भौगोलिक दूरी और दुर्गमता के कारण सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पाता है। विभागीय सहयोग का अभाव भी यहां एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि यदि इन गांवों को मॉडल विलेज के रूप में चिह्नित कर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य शुरू किए जाएं, तो मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और कल्याणकारी योजनाओं का समय-समय पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मॉडल विलेज की अवधारणा के आधार पर योजनाएं लागू की गईं, तो इन गांवों का समग्र विकास संभव हो सकेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान उनके साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य बबियाड़ दीपक पोंडवाल, राजेंद्र प्रसाद, शेखर चंद्र और अन्य स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours