भीमताल । आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत की उपस्थिति में शनिवार को स्पोर्ट्स छात्रावास हल्द्वानी में फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंगला ट्यूब कम्पनी के सहयोग से खिलाड़ियों को फुटबॉल शूज़ वितरित किए गए। आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार खिलाड़ियों को समाज, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ियों को सही समय पर सहयोग मिलता है तो उनके प्रदर्शन में सुधार होता है और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रोत्साहन, प्रेरणा और समर्थन ऐसे सशक्त माध्यम हैं जो खिलाड़ियों को अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मंगला ट्यूब कम्पनी के ऑनर कैप्टन (सेनि.) सचिन मंगला, उपजिलाधिकारी मनीश बिष्ट तथा खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कदम उनके उत्साह को बढ़ाने के साथ बेहतर प्रशिक्षण और तैयारी में भी सहायक होते हैं।

+ There are no comments
Add yours