हल्द्वानी नगर निगम की अभिनव पहल—जन सुविधा शिविरों से नागरिकों को डोर-स्टेप पर सेवाएँ

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन और नगर निगम हल्द्वानी की पहल पर नगर क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु वार्डवार जन सुविधा शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को वार्ड संख्या 01 एवं 02 में आयोजित शिविरों के साथ ही यह अभियान पूरे नगर क्षेत्र में सम्पन्न हो गया।
प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इन शिविरों में नागरिकों ने मुख्यतः खाद्य आपूर्ति व्यवस्था, राशन कार्ड में नाम जोड़ने-हटाने और नए कार्ड जारी करने जैसी समस्याएँ उठाईं। अधिकारियों द्वारा इनमें से अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। शिविरों में आधार कार्ड बनाने और संशोधन का कार्य भी किया गया, जिसके अंतर्गत बड़ी संख्या में लोगों को तत्काल सुविधा मिली। नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, विभागीय अधिकारी-कर्मी, वार्ड संख्या 01 की पार्षद बबली वर्मा और वार्ड संख्या 02 की पार्षद निर्मला तिवारी शिविरों में उपस्थित रहे। संबंधित पार्षदों ने जिला प्रशासन और नगर निगम की इस नागरिक-केंद्रित पहल के लिए आभार व्यक्त किया। नगर निगम हल्द्वानी के सभी 60 वार्डों में अब तक आयोजित जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके द्वार पर ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट और अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराया गया। इस अभिनव पहल से नागरिकों को न केवल समय की बचत हुई बल्कि सरकारी सेवाएँ भी अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी ढंग से उनके क्षेत्र में ही सुलभ हुईं। हल्द्वानी नगर निगम की यह पहल नागरिक-केंद्रित सुशासन का नया मानक प्रस्तुत कर रही है और डोर-स्टेप पर सेवाएँ उपलब्ध कराते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हो रही है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours