जिला पंचायत अध्यक्ष व प्रमुखों के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज






शांति व्यवस्था के लिए जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त

भीमताल : जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना ने जिला पंचायत मुख्यालय के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) और सभी उप जिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखें। उम्मीदवारों के व्यय का लेखा-जोखा एकत्र कर उसका परीक्षण कर सहायक निर्वाचन अधिकारी को सौंपना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। चुनाव स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाएगी। निर्वाचन कक्ष में केवल निर्वाचित सदस्य और निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी ही प्रवेश कर सकेंगे। महिला उम्मीदवारों की चेकिंग महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराई जाएगी। किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर निर्वाचन परिसर में प्रवेश न कर सके, यह सुनिश्चित किया जाएगा। धूम्रपान पर भी सख्त पाबंदी रहेगी। मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में आमजन की भीड़ रोकने के निर्देश दिए गए हैं। दृष्टिबाधित या अशक्त सदस्य सहायक निर्वाचन अधिकारी की अनुमति से एक सहयोगी को साथ ला सकते हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours