हल्द्वानी ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगेगा एनटीपीसी का वेस्ट-टू-कोल प्लांट, 25 वर्षों तक होगा संचालन

Estimated read time 1 min read





तीन माह में प्रारंभ होगा कार्य, कूड़े की समस्या का स्थायी समाधान संभव

भीमताल : हल्द्वानी शहर की कूड़े की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एनटीपीसी द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे से कोयला बनाने वाला अत्याधुनिक प्लांट स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी वंदना ने शनिवार को निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अगले तीन माह के भीतर पुराने कूड़े को हटाकर 10 एकड़ भूमि एनटीपीसी को उपलब्ध कराई जाएगी, जहां वेस्ट-टू-कोल प्लांट लगाया जाएगा। यह प्लांट 25 वर्षों तक संचालित किया जाएगा और इसमें प्रतिदिन उत्पादित कोयला एनटीपीसी के थर्मल पावर प्लांटों में ईंधन के रूप में उपयोग होगा।
जिलाधिकारी ने ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर लिगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि अवशेष कूड़ा जल्द हटाने हेतु अतिरिक्त मशीनें लगाई जाएं, जिससे समय से भूमि एनटीपीसी को सौंपी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्लांट के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट में बदलने हेतु किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने मानसून काल में और अधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल तक कटाव रोकथाम के लिए हो रहे ₹1.87 करोड़ की लागत से सुरक्षात्मक कार्य और ₹1.48 करोड़ से सड़क पुनर्निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा सुरक्षा हेतु क्रैश बैरियर लगाए जाने के निर्देश दिए ।जिलाधिकारी ने गोलापुल से नरीमन तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। ₹4.57 करोड़ की लागत से यह कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। साथ ही, यूयूएसडीए द्वारा निर्मित सुरक्षा दीवारों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, एनटीपीसी परियोजना प्रबंधक सद्दाम हुसैन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, यूयूएसडीए के प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours