भीमताल : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने प्रदेश में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवाओं की जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में उत्तराखंड स्वास्थ्य सचिव और राज्य 108 सेवा प्रभारी राजेश कुमार को पत्र लिखते हुए मांग की है कि प्रदेश भर में पुरानी और खराब एम्बुलेंसों की समीक्षा कर, उन्हें अविलंब नई लाइफ सपोर्टिंग सिस्टम युक्त एम्बुलेंस से बदला जाए। भट्ट ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 08 जून 2025 को धनियाकोट निवासी श्री जगमोहन जलाल की आकस्मिक मृत्यु का मुख्य कारण समय पर 108 सेवा उपलब्ध न होना बताया जा रहा है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश देखने को मिला।
पत्र में एक अन्य गंभीर घटना का जिक्र करते हुए श्री भट्ट ने बताया कि गरमपानी सीएचसी से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाई जा रही एक गर्भवती महिला की 108 एम्बुलेंस रास्ते में खराब हो गई। उस वक्त उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर तुरंत मुख्य चिकित्साधिकारी, नैनीताल को फोन पर सूचित किया और दूसरी एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई, जिससे महिला की जान बचाई जा सकी।सुयालबाड़ी क्षेत्र को चाहिए 108 सेवा
श्री भट्ट ने यह भी कहा कि सुयालबाड़ी सीएचसी जैसे बड़े सेवा क्षेत्र में आज भी 108 एम्बुलेंस की सुविधा नहीं है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद ने पत्र में बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई 108 एम्बुलेंस तकनीकी खराबी के कारण समय पर सेवा नहीं दे पा रही हैं। ऐसी स्थिति न केवल मरीजों की जान के लिए खतरा बनती है, बल्कि सरकार की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की भी गंभीर विफलता को उजागर करती है।
————————————————
नई एम्बुलेंस में हो अत्याधुनिक जीवन रक्षक सुविधाएं
भट्ट ने मांग की है कि प्रदेश भर में 108 सेवा की तकनीकी स्थिति का ऑडिट कराया जाए और जहाँ भी एम्बुलेंसें जर्जर, पुरानी या अनुपयुक्त हैं, उन्हें हटाकर नई एम्बुलेंसें दी जाएं। साथ ही सभी नई एम्बुलेंस में बेसिक और एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
———————————————-
भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप हो व्यवस्था
उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए श्री भट्ट ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना बेहद जरूरी है, ऐसे में 108 सेवा की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जा सकता।

+ There are no comments
Add yours