कुमाऊं मंडल में सांस्कृतिक दलों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू

Estimated read time 1 min read





पहले दिन उधमसिंह नगर के 27 दलों ने लिया भाग

भीमताल : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं लोक संपर्क विभाग उत्तराखंड द्वारा कुमाऊं मंडल के सांस्कृतिक दलों के पंजीकरण की प्रक्रिया का शुभारंभ सोमवार से हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में हुआ। इस प्रक्रिया के तहत पहले दिन उधमसिंह नगर जिले के 27 सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। राज्य की विविध भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं, नीतियों व निर्णयों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने हेतु पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा गीत, नृत्य, नाटक, कठपुतली, कब्बाली, भजन और नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों से जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया जाता है। इस अवसर पर देहरादून से आए सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि विभाग के गीत-नाट्य योजना के अंतर्गत न केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाता है, बल्कि राज्य की लोक संस्कृति को संजोने और स्थानीय कलाकारों को मंच देने का कार्य भी किया जा रहा है। इससे युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और रोजगार का भी अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल के जिलों का ऑडिशन पहले ही 13 से 20 मई तक देहरादून में संपन्न हो चुका है। कुमाऊं मंडल के तहत अब 30 मई तक अलग-अलग जिलों के दलों का ऑडिशन एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक दलों के चयन में वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल घिल्डियाल, घनश्याम भट्ट, केन्द्रीय संचार ब्यूरो से श्रद्धा गुरुरानी, भारतखंडे अल्मोड़ा से सुनील कुमार और सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी निर्णायक मंडल में शामिल हैं।
ऑडिशन कार्यक्रम की आगामी तिथियां 27 मई पिथौरागढ़ व चंपावत,
28 मई बागेश्वर, 29 मई अल्मोड़ा, 30 मई को नैनीताल में है। इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा जोशी, उधमसिंह नगर के गोविंद बिष्ट, व्यवस्था अधिकारी रामपाल सिंह रावत समेत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours