राज्यपाल ने की पर्यटन व ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा

Estimated read time 1 min read





स्थायी समाधान के लिए दी दीर्घकालिक योजना बनाने की सलाह

भीमताल : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजभवन नैनीताल में कुमाऊं मंडल और नैनीताल जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर क्षेत्र की प्रशासनिक, विकासात्मक और पर्यटन संबंधी स्थिति की समीक्षा की। बैठक के दौरान राज्यपाल ने कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत से मंडल से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है, जिससे नैनीताल में पर्यटकों का अत्यधिक दबाव देखने को मिल रहा है। इसका सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान हेतु दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने सुझाव दिया कि नैनीताल के अतिरिक्त अन्य वैकल्पिक पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाए, ताकि पर्यटकों का दबाव संतुलित हो सके और समग्र पर्यटन विकास को गति मिले। इसके बाद राज्यपाल ने आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल से कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर फीडबैक लिया। वहीं जिलाधिकारी वंदना और एसएसपी पी.एन. मीणा से जिले में चल रहे विकास कार्यों और सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटकों की सुविधा के साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहूलियत और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता समन्वय, पारदर्शिता और गति होनी चाहिए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours