भीमताल में समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Estimated read time 1 min read





समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : देशराज कर्णवाल

भीमताल : उत्तराखंड सरकार की समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कर्णवाल ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाएं समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए वरदान साबित हो सकती हैं, बशर्ते इनका लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के प्रत्येक छात्र को छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित करने हेतु विद्यालय स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी गाँव-गाँव तक पहुँचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और शिविरों का आयोजन आवश्यक बताया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी व समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत घरों में योजनाओं से संबंधित होर्डिंग और फ्लेक्स लगाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़े। जिला समाज कल्याण अधिकारी विष्णु गौतम ने बैठक में जानकारी दी कि विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा, परित्यक्ता पेंशन, विवाह पुरस्कार योजना, अटल आवास योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उपाध्यक्ष ने इन योजनाओं की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेकर, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और पात्रों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार समाज कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के 95 ब्लॉकों और 105 नगरीय निकायों में 200 शिविर लगाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य योजनाओं को आमजन तक पहुँचाना है। साथ ही, बच्चों में कुपोषण की समस्या पर भी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अनिल गौड़, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, डीईएसटीओ मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours