205 से अधिक लावारिस शवों का कर चुके हैं संस्कार
भीमताल : सच्ची मानवता की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक संस्था क्रियाशाला सेवा समिति, मुखानी (हीरानगर, हल्द्वानी) के सहयोग से बुधवार को एक अज्ञात पुरुष लावारिस शव का विधिवत दाह संस्कार रानीबाग इलेक्ट्रिक श्मशान गृह में किया गया।
समाजसेवियों हेमंत गोनिया, संतोष बल्यूटिया, अमित रस्तोगी व वंश गोनिया की टीम ने पूरे विधि-विधान और संस्कार सामग्री के साथ मृत आत्मा की शांति के लिए अंतिम क्रिया संपन्न कराई। यह लावारिस शव पिछले तीन दिनों से राजकीय मेडिकल कॉलेज सुशीला तिवारी के मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखा गया था।
समिति के सदस्यों ने बताया कि वे अब तक पिछले डेढ़ वर्षों में 205 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर चुके हैं। उनका मानना है कि लावारिस आत्माओं को भी सम्मानपूर्वक विदाई मिलनी चाहिए ताकि उनकी आत्मा को शांति मिल सके। समाजसेवियों ने आमजन से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में सहयोग करें। उन्हें धन की अपेक्षा दाह संस्कार की सामग्री, लकड़ी तथा एंबुलेंस का किराया आदि में सहयोग की आवश्यकता होती है। इच्छुक लोग 98972 13226 नंबर पर संपर्क कर इस सेवा में भागीदार बन सकते हैं।

+ There are no comments
Add yours