चकराता में कार 250 मीटर गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, दो गंभीर घायल

शनिवार सुबह उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र के लेबाड़ा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक कार बुढ़ेर जाते समय अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ टीम ने घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में मृतकों की पहचान गुड्डू (30) और प्रकाश (26) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल गजेंद्र (22) और सुमित (21) का इलाज चल रहा है। चारों युवक लेबाड़ा से बुढ़ेर किसी कार्य के लिए जा रहे थे। बुढ़ेर मोटर मार्ग पर डांडा के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। एसडीआरएफ और प्रशासनिक टीम ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को चकराता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।

राजस्व उप निरीक्षक अनिल चौहान ने घटना की पुष्टि की और बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours