ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर सड़क संपर्क, ऑर्गेनिक खेती को बताया ‘वोकल फॉर लोकल’ का उदाहरण
भीमताल : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों का दौरा कर स्थानीय जनसमस्याओं को सुना और केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। सांसद भट्ट ने मंगोली-थापला मार्ग के 9.3 किलोमीटर लंबे हिस्से के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया, जिसकी लागत 456.25 लाख रुपये है। इस सड़क पर एसडीबीसी एवं पीसी तकनीक से सतह सुधार कार्य किया जाएगा, जिससे खमारी, थपला, जलालगांव और रोखड़ गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा सांसद ने पायलट बाबा आश्रम से गेठिया गांव तक सड़क सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 93.50 लाख रुपये है। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। तल्ला वज़ून गांव पहुंचने पर भट्ट ने गांव की प्राकृतिक सुंदरता और यहां की ऑर्गेनिक खेती की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ‘वोकल फॉर लोकल’ का सशक्त उदाहरण है, और यहां की जैविक सब्जियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
सांसद ने मां मनसा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर मार्ग चौड़ीकरण के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे देश-विदेश के पर्यटकों से भी मुलाकात कर नैनीताल पहुंचने पर उनका स्वागत किया।
अपनी जनसंवाद यात्रा के दौरान भट्ट ने कुछ शोकाकुल परिवारों के घर जाकर शोक संवेदना भी प्रकट की। इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, हिमांशु बिष्ट, हरीश बिष्ट, पुष्कर मेहरा, संजू वर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्यजन उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours