रानीबाग़ में 500 कैडेटों ने लिया भाग, श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कृतिका बोरा और आशीष चन्याल सम्मानित
भीमताल : रानीबाग़ में आयोजित 79 उत्तराखंड एनसीसी वाहिनी, नैनीताल का दस दिवसीय सम्मिलित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (कैम्प एन-04) रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में कैडेटों की सैन्य और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
समारोह में कमान अधिकारी कर्नल राजेश कौशिक ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी न केवल अनुशासन और नेतृत्व सिखाता है, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने सभी कैडेटों को कठोर परिश्रम और देश सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। शिविर के दौरान कैडेटों को फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, ड्रिल, मानचित्र अध्ययन सहित विभिन्न सैन्य विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही अग्निशमन, आत्मरक्षा, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसे सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। कैम्प सीनियर कृतिका बोरा और आशीष चन्याल को श्रेष्ठ कैडेट पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम में कैडेटों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, नृत्यों और समूह प्रदर्शनों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर एडीएम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. खंदका, सूबेदार मेजर चंचल सिंह, प्रशिक्षण जेसीओ सूबेदार महेश चंद्र पांडेय, सहायक एनसीसी अधिकारी, और पीआई स्टाफ समेत शिविर से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी कैडेटों और स्टाफ को बधाई देते हुए समापन की घोषणा की गई।

+ There are no comments
Add yours