आदि कैलाश यात्रा 2025 का आगाज़, पहले दल ने भीमताल से भरी आध्यात्मिक उड़ान

Estimated read time 1 min read





श्रद्धालुओं में दिखा गजब का उत्साह, एमडी केएमवीएन ने दिखाई हरी झंडी

भीमताल : प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर आदि कैलाश यात्रा 2025 का शुभारंभ बुधवार को हो गया। भीमताल स्थित ट्रांजिट कैंप (टीआरसी) से पहला दल पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुआ। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने यात्रियों को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया।
पहले दल में कुल 20 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 13 पुरुष और 7 महिलाएं हैं। यात्रियों में 6 महाराष्ट्र, 7 तमिलनाडु और 7 उत्तराखंड से हैं। दल में शामिल कुछ श्रद्धालु पहली बार इस पवित्र यात्रा पर निकले हैं, तो कुछ ऐसे भी हैं जो तीसरी बार इस आध्यात्मिक अनुभव से गुजरने जा रहे हैं। यात्रा को लेकर इस बार श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई आदि कैलाश यात्रा के बाद इस मार्ग के प्रति आस्था और आकर्षण में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। एमडी विनीत तोमर ने जानकारी दी कि इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा के लिए कुल 12 बैच निर्धारित किए गए हैं और अब तक 119 श्रद्धालुओं की बुकिंग हो चुकी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु न सिर्फ आदि कैलाश व ओम पर्वत के दर्शन करेंगे, बल्कि कैंची धाम, गोल्ज्यू मंदिर, जागेश्वर धाम समेत कई पवित्र स्थलों पर पूजा-अर्चना का भी अवसर मिलेगा। यात्रियों ने भी यात्रा को लेकर खुशी जताई और कहा कि आदि कैलाश की इस यात्रा से उन्हें आत्मिक शांति और विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो रही है। निगम की ओर से यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours