भीड़ापानी से खुजेठी-बलना मोटर मार्ग पर जल्द शुरू होगा डामरीकरण

Estimated read time 1 min read





सीएम धामी ने स्वीकृत किए 3.28 करोड़, विधायक कैड़ा ने जताया आभार

भीमताल : क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से खराब पड़े भीड़ापानी से खुजेठी-बलना मोटर मार्ग पर अब डामरीकरण का कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्य के लिए 3 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। इस पर स्थानीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में आने वाला यह मोटर मार्ग काफी समय से बदहाल स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडियों तक पहुँचाने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने संज्ञान लेते हुए विभाग को डामरीकरण कार्य की डीपीआर तैयार करने और शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके उपरांत विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी से मिलकर डामरीकरण कार्य के लिए बजट की मांग की थी।
मुख्यमंत्री धामी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त मोटर मार्ग पर डामरीकरण के लिए 3.28 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। कार्य जल्द ही प्रारंभ होगा।विधायक कैड़ा ने कहा कि सड़क के सुधरने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनके आर्थिक जीवन में भी सुधार आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सरकार लगातार पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours