मुख्यमंत्री ने दृष्टि बाधितार्थ बच्चों के साथ मनाया अपना जन्मदिन

Estimated read time 1 min read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में दृष्टि बाधितार्थ बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने बच्चों को केक खिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दृष्टि बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक आदर्श विद्यालय के बच्चों ने स्वयं द्वारा तैयार किया गया माॅडल उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के फुटबॉल टूर्नामेंट का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे हर बार इस दिन पर यहां बच्चों के बीच आने का इंतजार रहता है और यहां आकर बहुत अच्छा लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भगवान से आप सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में आप सभी लोग जिस किसी भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां निश्चित ही सफलता प्राप्त पाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है जो आप लोग नहीं कर सकते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित शर्मा, पीके अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश इस समय प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया है किया है कि इस अवसर पर आपदा पीड़ितों के पास पहुंच कर उनकी हर संभव मदद करें।

सीएम धामी के जन्मदिन पर बदरी-केदार सहित कई प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना व हवन

श्री बदरीनाथ/श्री केदारनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर आज श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा बदरीनाथ व केदारनाथ सहित अधीनस्थ मंदिरों श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ, श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ, तृतीय केदार तुंगनाथ, सिद्धपीठ कालीमठ में विशेष पूजा-अर्चना तथा हवन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के दीर्घायु तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गयी।

बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि बदरीनाथ में रावल, आचार्य व वेदपाठियों के द्वारा मुख्यमंत्री के नाम गोत्र से महाभिषेक पूजा तथा केदारनाथ धाम में षोडशोपचार एवं रूद्राभिषेक पूजा संपन्न हुई। बदरीनाथ धाम में उपाध्यक्ष किशोर पंवार तथा मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल पूजा में सम्मिलित हुए।

अजेंद्र ने बताया कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भी बदरी- केदार समेत सभी मंदिरों में विशेष पूजा आयोजित कर उनके सुदीर्घ जीवन और देश की कुशलता की कामना की जाएगी।

 

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours