आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री कैड़ा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश

Estimated read time 0 min read





धारी में मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा

भीमताल। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित गांवों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला एवं क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल लाइनों और विद्युत आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन और मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

मंत्री कैड़ा धारी ब्लॉक के परबड़ा गांव भी पहुंचे। यहां उन्होंने अक्सौड़ा के जंगल में गत माह हुए हादसे में दिवंगत गोपाल सिंह के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आपदा मद से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

मंत्री ने अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान का पारदर्शी और शीघ्र आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अति संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा की इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours