मंत्री कैड़ा ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





नौकुचियाताल, नौल और बिजरौली में नुकसान का लिया जायजा, अधिकारियों को शीघ्र व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित नौकुचियाताल, नौल, बिजरौली सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विगत दिनों हुई आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया।

इस दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। प्रभावित लोगों ने आपदा के कारण हुई परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। मंत्री कैड़ा ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

मंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए क्षतिग्रस्त व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा के कारण क्षेत्र में कई मोटर मार्ग, पेयजल लाइन और विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने को भी कहा, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours