ग्रामीणों के साथ केक काटकर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन

Estimated read time 0 min read





मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दी स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं, स्वच्छता अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ग्राम बड़ेत में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान मंत्री कैड़ा ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से स्वच्छता अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा और स्वच्छता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश में नई जागरूकता पैदा की है। स्वच्छ उत्सव इसी दिशा में एक संकल्प और अभियान है, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के सपने को साकार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राज्य में अब तक छह लाख से अधिक परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा है।

मंत्री ने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी उल्लेख किया। कहा कि पौधारोपण पर्यावरण को बेहतर बनाने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours