लेक्स इंटरनेशनल स्कूल में गूंजी बच्चों की कविताएं, 25 बाल कवियों ने सुनाईं रचनाएं

Estimated read time 1 min read





भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में आयोजित बाल कवि सम्मेलन में बच्चों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से कल्पना, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को शब्द दिए। दो चरणों में चयन के बाद विद्यालय के 25 श्रेष्ठ बाल कवियों ने सभागार में अपनी कविताओं का पाठ किया। बाल कवियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा।

विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ हास्य कवि एवं लेखक गौरव त्रिपाठी और विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद चयनित बाल कवियों ने एक-एक कर अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। मीमांसा बिष्ट की कविता ‘पेड़ की आत्मकथा’ और दिव्येन्दु शर्मा की कविता ‘नौजवानो तुम्हें पहाड़ बुला रहा है’ को विशेष सराहना मिली।

प्रतियोगिता में मीमांसा बिष्ट, मनुश्री पंत, एंजल गोस्वामी और दिव्येन्दु शर्मा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। देवांश जोशी, साफियान मंसूरी, भाविका भंडारी और हर्षिता जोशी द्वितीय रहे। वहीं फाल्गुनी बिष्ट, एंजल सौम्या, आराध्या उप्रेती और हंसिका भंडारी को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के निर्णायक एवं हल्द्वानी से पहुंचे वरिष्ठ कवि गौरव त्रिपाठी ने बच्चों को कविता लेखन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने अपनी हास्य कविताएं भी प्रस्तुत कीं, जिनका बच्चों और उपस्थित लोगों ने आनंद लिया। उन्होंने सभी बाल कवियों को शुभकामनाएं देते हुए पुरस्कार प्रदान किए।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एसएस नेगी ने वरिष्ठ कवि गौरव त्रिपाठी को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही बाल कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक एसएस बिष्ट ने किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours