ज्योलीकोट के जलजनित रोग पीड़ितों का सीडीओ ने जाना हाल

Estimated read time 0 min read





हल्द्वानी के चार निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर दिए बेहतर उपचार के निर्देश

भीमताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में जलजनित रोग की चपेट में आए उपचाराधीन मरीजों का मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने गुरुवार को हालचाल जाना। उन्होंने हल्द्वानी के विभिन्न चिकित्सालयों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली और चिकित्सालयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्य विकास अधिकारी ने उजाला सिग्नस अस्पताल, नीलकंठ अस्पताल, वात्सल्य मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल तथा चंदन अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सालयों के चिकित्सा अधीक्षकों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि सभी भर्ती मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों में भर्ती मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए, जिससे वह शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौट सकें। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति और चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।

सीडीओ ने निर्देश दिए कि जिन चिकित्सालयों में आयुष्मान कार्ड के तहत उपचार की सुविधा निर्धारित है, आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को उन्हीं चिकित्सालयों में रेफर किया जाए। इससे मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours