भीमताल, 27 अगस्त। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी और त्रिशुली नदी में अचानक आई बाढ़ से जन-धन की क्षति को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने नेपाल में रह रहे जनपद के नागरिकों की सहायता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक नेपाल में आई बाढ़ से नैनीताल जिले के किसी भी नागरिक के प्रभावित होने की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि नेपाल में रह रहे जिले के किसी नागरिक के प्रभावित होने की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक सहायता एवं समन्वय की कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन पर दें सूचना
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि नेपाल में रह रहे किसी नागरिक के बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क करें। इसके लिए 05942-231181, 231179, 231178, टोल फ्री नंबर 1077 और मोबाइल नंबर 8272080884 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित नागरिकों की सहायता और आवश्यक समन्वय की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नेपाल में रह रहे अपने परिचितों और परिजनों के संबंध में किसी भी आपात सूचना को प्रशासन तक तत्काल पहुंचाएं।

+ There are no comments
Add yours