मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

भीमताल, 27 अगस्त। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर गुरुवार को हल्द्वानी ग्रामीण, हल्द्वानी, भीमताल-भवाली और रामनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

हल्द्वानी-भीमताल में आठ प्रतिष्ठानों की जांच

हल्द्वानी एवं भीमताल-भवाली क्षेत्र में आठ खाद्य विनिर्माण और मिठाई विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने बेसन लड्डू, कलाकंद, ताजा साल्ट, रायता क्रस्टेड पाउडर और खोया बर्फी के विधिक नमूने लिए। वहीं घेवर और गुलाब जामुन के सर्वे नमूने भी संग्रहित किए गए।

विधिक नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। वहीं घेवर और गुलाब जामुन के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

रामनगर में सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

रामनगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ढेला रोड स्थित प्रतिष्ठान से आंवला घी का विधिक नमूना लिया गया। इसके अलावा चोको चिप्स क्रश और घेवर के सर्वे नमूने भी संग्रहित किए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में तीन नमूने लिए

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर ने पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां से मिल्क केक का विधिक नमूना लिया गया। इसके अलावा बालूशाही और छैना रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी संग्रहित किए गए।

खाद्य विभाग के अनुसार सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में अनियमितता या मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, असलम खान, नंदकिशोर सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours