सातताल की जर्जर दुकानों पर डीडीओ ने लिया संज्ञान, बरसात बाद कार्य कराने का आश्वासन






भीमताल। सातताल में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण द्वारा करीब तीन वर्ष पूर्व निर्मित दुकानों की जर्जर हालत को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी की शिकायत पर जिला विकास अधिकारी ने संज्ञान लिया है। दुकानों की छत से पानी टपकने और अंदर पानी भरने की समस्या को लेकर प्रशासन ने प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वार्ड-3, बिजरौली निवासी पूरन चंद्र बृजवासी ने 11 अगस्त 2026 को जिला विकास अधिकारी को शिकायत भेजकर बताया था कि सातताल में प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानों की छतें खराब हो चुकी हैं। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण दुकानों के अंदर पानी भर रहा है, जिससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत ने पत्रांक 1533/व0स0/जाँच/2026-27 दिनांक 13 अगस्त 2026 के माध्यम से सचिव, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को मामले की जांच कर आवश्यक समाधान कराने के निर्देश दिए।

सचिव ने फोन पर दिया आश्वासन

मामले में नया मोड़ तब आया जब जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने स्वयं शिकायतकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि बरसात समाप्त होने के बाद दुकानों की समस्या का कार्य शीघ्र कराया जाएगा।

शिकायतकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने जिला विकास अधिकारी और प्राधिकरण सचिव का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें प्रशासन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बरसात के बाद दुकानों की मरम्मत का कार्य कराकर दुकानदारों को इस समस्या से स्थायी राहत दिलाई जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours