लखपति दीदियों के उत्पादों से सजा रामनगर, पांच दिन तक चलेगा मेला
भीमताल, 21 अगस्त। रामनगर डिग्री कॉलेज मैदान में शुक्रवार को पांच दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 का शुभारंभ रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद और लखपति दीदियों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरस मार्केट के माध्यम से महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदियां अब करोड़पति दीदी बनें। इसके लिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनके उत्पादों को बेहतर बाजार और ब्रांड उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरस मेला पूरे नैनीताल जिले के महिला समूहों के लिए महत्वपूर्ण मंच है। महिलाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह है और लोग भी उनके उत्पादों की खरीद में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने महिला समूहों से अपने कार्य को आगे बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर देता है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और यह मेला उनके परिश्रम और हुनर को बाजार देने का माध्यम बना है।
उन्होंने बताया कि मेले में कुल 50 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 25 स्टॉल स्वयं सहायता समूहों के हैं, जबकि अन्य स्टॉल स्थानीय उद्यमियों के हैं। महिला समूहों को उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
मेले के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगायिका माया उपाध्याय ने कुमाऊनी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, किसान आयोग सदस्य संजय डॉर्बी, दिनेश मेहरा, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, बीडीओ गिरीश पांडे समेत जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours