आर्यमन बिड़ला स्कूल में बाल अधिकारों को लेकर स्नेही संवाद कार्यक्रम आयोजित

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 17 अगस्त। आर्यमन बिड़ला स्कूल में सोमवार को उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बच्चों के साथ स्नेही संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्य योगेश सिंह रजवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में योगेश सिंह रजवार ने बच्चों से संवाद करते हुए उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने बच्चों को अपनी समस्याएं खुलकर अभिभावकों और शिक्षकों के सामने रखने के लिए प्रेरित किया।

अभिभावकों से संवाद करते हुए रजवार ने कहा कि बच्चों की भावनाओं को समझना और उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनना बेहद जरूरी है। बच्चों को सकारात्मक और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने में परिवार, विद्यालय और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के साथ वार्ता में उन्होंने बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और उनके हित में लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा विभाग हल्द्वानी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निशिकांत जोशी, स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश मोहन, बिड़ला इंस्टीट्यूट नैनीताल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, उपप्रधानाचार्य प्रकाश कुमार, वंदना, चाइल्ड हेल्पलाइन की किरण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours