नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा रैली से गूंजा शहर

भीमताल, 15 अगस्त। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।

समारोह में प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है। स्वतंत्रता हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी भी देती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू होने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा, शौचालय निर्माण और प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को “नशामुक्त भारत” की शपथ भी दिलाई गई।

गांधी चौक पर महात्मा गांधी को किया नमन

मुख्य समारोह के बाद प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इसके बाद प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

तिरंगा रैली में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें प्रभारी मंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से नैनीताल गूंज उठा।

ठंडी सड़क पर किया पौधरोपण

वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी प्रभारी मंत्री शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके अलावा मल्लीताल स्थित वोट स्टैंड से नाव रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री ने शामिल होकर अभियान का नेतृत्व किया।

जिलेभर में हुए विविध कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरियां निकाली गईं। प्रातः नौ बजे सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ। इसके साथ ही देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कमिश्नरी कार्यालय नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मंडलवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours