भीमताल, 15 अगस्त। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भीमताल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “आजादी का अमृत महोत्सव – गर्व, अनुशासन, समर्पण” रही।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। श्रीमती लता कपिल ने शिक्षक वक्तव्य के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों तथा विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों पर प्रेरणादायी विचार रखे।
कार्यक्रम में कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा चार एवं कक्षा सात के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। श्री नीरज उप्रेती की कविता ने समारोह में राष्ट्रप्रेम की भावना को और गहराई प्रदान की। विद्यार्थियों ने योग प्रदर्शन के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का संदेश भी दिया। डॉ. विधि बिष्ट के सहयोग से विद्यालय परिसर की आकर्षक सजावट की गई।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर समारोह को सफल बनाया।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया। अंत में श्रीमती दीपिका पंत ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह राष्ट्रप्रेम, उत्साह और सामूहिक सहभागिता की भावना के साथ गरिमापूर्ण रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई।

+ There are no comments
Add yours