भीमताल। धारी ब्लॉक के पदमपुरी, गुनियालेख और पलड़ा बाजार में सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने गुरुवार को जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात की। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की समस्या के समाधान की मांग की।
मनोज शर्मा ने कहा कि धारी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पदमपुरी, गुनियालेख और पलड़ा बाजार ग्रामीण क्षेत्र की महत्वपूर्ण बाजारें हैं। यहां ग्रामीण दैनिक उपयोग की सामग्री खरीदने के साथ ही बैंक, स्कूल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद इन बाजारों में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीणों और बाजार में आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जनता की इस मूलभूत समस्या का समाधान नहीं कर पाने पर उन्हें स्वयं भी ग्लानि का आभास होता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि तीनों बाजारों में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए।
मांग की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मनोज शर्मा से पूछा कि क्या शौचालय निर्माण के लिए इन बाजारों में भूमि उपलब्ध है। इस पर मनोज शर्मा ने बताया कि निर्माण के लिए स्थान उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मनोज शर्मा ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक शौचालय बनने से पदमपुरी, गुनियालेख और पलड़ा बाजार में आने वाले ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

+ There are no comments
Add yours