ढोलीगांव में बहुउद्देशीय शिविर, 68 शिकायतों में 57 का मौके पर निस्तारण

भीमताल, 12 अगस्त। विकासखंड ओखलकांडा के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में बुधवार को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की।

शिविर में क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि आठ दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। विभिन्न विभागों की योजनाओं से कुल 424 लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।

विभिन्न विभागों की ओर से शिविर में स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोनिवि, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति तथा ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर समेत अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ

शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं था, उनके लिए विभागों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा गया।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, पंचायती राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, खंड विकास अधिकारी केएस सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours