भीमताल, 6 अगस्त। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई नियमानुसार की जा रही है और संबंधित व्यक्तियों को नोटिस की रसीदें उपलब्ध करा दी गई हैं।
आयुक्त ने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम, पिता के नाम या अन्य विवरण में त्रुटि है तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ पर पहुंचकर उसका संशोधन करा सकता है। बीएलओ प्राप्त अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और अद्यतन बनाना है, इसलिए सभी अधिकारी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन कराएं, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर एवं बीएलओ मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours