भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्रामीण पर्यटन और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में जनपद नैनीताल में नाबार्ड समर्थित ‘ग्राम विहार’ परियोजना की शुरुआत की गई है। विकासखंड भीमताल के ग्राम चोपड़ा में गृह प्रवास (होमस्टे) संचालकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
महिला एवं निर्बल वर्ग उत्थान समिति, ज्योलीकोट के संचालन में आयोजित प्रशिक्षण में होमस्टे संचालकों को आतिथ्य प्रबंधन, पर्यटक सेवा, स्वच्छता, स्थानीय व्यंजन, डिजिटल प्रचार-प्रसार, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण तथा पर्यटन आधारित उद्यम संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी आधुनिक पर्यटन की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सेवाएं देने में सक्षम होंगे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की करीब 50 महिला सदस्यों, होमस्टे संचालकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस दौरान परियोजना समीक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक भी हुई, जिसमें परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने, होमस्टे को सुदृढ़ बनाने और अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक ने कहा कि उत्तराखंड में ग्रामीण पर्यटन रोजगार और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, स्वच्छता, उत्कृष्ट आतिथ्य और पर्यावरण संरक्षण को पर्यटन की पहचान बनाने का आह्वान किया। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंकिंग सेवाओं और ऋण योजनाओं का लाभ लेकर उद्यमों का विस्तार करने की सलाह दी। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह व्यवहारिक होगा।
प्रतिभागियों ने ‘ग्राम विहार’ परियोजना को ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

+ There are no comments
Add yours