भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अवकाश लेने के मामले में जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल के विरुद्ध कार्रवाई की है। उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किए जाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायत एवं निरीक्षण रिपोर्ट में सामने आया कि संबंधित अधिकारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कार्यालय के शासकीय कार्यों का समय पर निष्पादन नहीं किया। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश भी लिया।
मामले में जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब किया था। जवाब में अधिकारी ने बिना अनुमति अवकाश लेने की बात स्वीकार की। उन्होंने जिला सहकारी बैंक नैनीताल के सदस्य-सचिव एवं प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार होने का उल्लेख किया, लेकिन जनपद भ्रमण पर आए विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने का संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं किया।
जिलाधिकारी ने इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन मानते हुए गंभीर अनुशासनहीनता माना। इसके चलते उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित किए जाने के लिए शासन को संस्तुति भेजी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, बिना अनुमति अनुपस्थिति और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

+ There are no comments
Add yours