आयुक्त के निर्देश पर विरासत दाखिल-खारिज का मामला निस्तारित, रेवती देवी के नाम दर्ज हुई भूमि

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 29 जुलाई। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के हस्तक्षेप से विरासत दाखिल-खारिज का लंबित मामला तत्काल निस्तारित कर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान प्रस्तुत शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तहसील प्रशासन ने संबंधित भूमि श्रीमती रेवती देवी के नाम दर्ज कर दी।

बुधवार को ग्राम जंतवालगांव, तहसील एवं जिला नैनीताल निवासी श्रीमती रेवती देवी पत्नी स्वर्गीय जस राम ने आयुक्त दीपक रावत के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके ससुर स्वर्गीय गुमान राम पुत्र पुन राम के नाम ग्राम जंतवालगांव के खाता संख्या-03 की खतौनी में भूमि दर्ज है। गुमान राम का निधन हो चुका है तथा उनका कोई अन्य वारिस नहीं है। उन्होंने मार्च 2026 में विरासत दाखिल-खारिज के लिए तहसील में आवेदन किया था, लेकिन कई माह बीतने के बाद भी नामांतरण की कार्रवाई पूरी नहीं हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने उसी दिन तहसीलदार नैनीताल को अपने समक्ष तलब किया और शिकायतकर्ता को भी सुनवाई के लिए बुलाया। सुनवाई के बाद तहसीलदार ने रेवती देवी के पक्ष में विरासत दाखिल-खारिज की कार्रवाई पूरी करते हुए भूमि उनके नाम दर्ज कर दी तथा इसकी सूचना आयुक्त को उपलब्ध करा दी।

जनसुनवाई के माध्यम से लंबित प्रकरण का त्वरित निस्तारण होने पर शिकायतकर्ता ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours