होम स्टे नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई, 11 इकाइयों का निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 25 जुलाई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या और तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट ने जनपद में संचालित होम स्टे इकाइयों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुल 11 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर पांच होम स्टे इकाइयों को होम स्टे नियमावली के प्रावधानों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए। वहीं, दो इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

इसके अलावा दो होम स्टे इकाइयों के विरुद्ध निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में होम स्टे इकाइयों का निरंतर भौतिक निरीक्षण जारी रहेगा। पर्यटकों की सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित इकाई के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों से होम स्टे नीति और नियमावली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours