जिला पंचायत मार्ग पर आठ दिन से हो रही पत्थरबाजी, लोगों में दहशत

Estimated read time 0 min read





भीमताल। जिला पंचायत मार्ग में पिछले आठ से 10 दिनों से शाम के समय भवनों पर पत्थरबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। शरारती और अराजक तत्वों की इस हरकत से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। पत्थरबाजी में एक स्थानीय व्यक्ति के साथ ही पुलिस के दो जवानों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

जिवाजी कॉटेज कंपाउंड, तल्लीताल निवासी राजेश चंदोला ने इस संबंध में आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि पिछले आठ से 10 दिनों से रोजाना करीब शाम सात बजे से अराजक तत्व जिला पंचायत मार्ग स्थित भवनों पर पथराव कर रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।

शिकायत के अनुसार, पत्थरबाजी की घटना में सुधीर भट्ट पुत्र महेंद्र चंद्र भट्ट को चोट आई है। इसके अलावा पुलिस के दो सिपाही भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश

मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी माध्यमों से भी मामले की जांच कर पत्थरबाजी करने वाले अराजक तत्वों की पहचान की जाए और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours