पतलोट महाविद्यालय में संस्कृत-भूगोल की कक्षाएं शुरू करने की मांग, प्राचार्य की नियुक्ति का आग्रह

Estimated read time 1 min read





कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से की मुलाकात, रामगढ़ महाविद्यालय भवन निर्माण समेत शिक्षकों के रिक्त पद भरने की भी मांग

भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत और भूगोल विषय की कक्षाएं शुरू करने के साथ ही एमए की कक्षाएं संचालित करने और महाविद्यालय में प्राचार्य की नियुक्ति करने का आग्रह किया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत और भूगोल विषयों की कक्षाएं संचालित नहीं होने तथा एमए की कक्षाएं शुरू न होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र जाना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी आर्थिक अथवा अन्य कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित भी रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्राचार्य का पद भी लंबे समय से रिक्त चल रहा है।

मंत्री ने शिक्षा मंत्री को बताया कि राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के भवन का निर्माण नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का भी आग्रह किया।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकासखंडों के विभिन्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

मंत्री कैड़ा ने शिक्षा मंत्री से पतलोट महाविद्यालय में प्राचार्य की नियुक्ति, संस्कृत व भूगोल विषय खोलने, एमए की कक्षाएं संचालित करने, रामगढ़ महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने तथा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने का आग्रह किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours